बैतूल , अक्टूबर 03 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बैतूल-इंदौर हाईवे पर चिचोली थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात कार और हार्वेस्टर की टक्कर में 20 वर्षीय फार्मेसी छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार गढ़ा निवासी अंकित चंदेल फार्मेसी का छात्र था और बैतूल में मेडिकल दुकान पर काम करता था। शुक्रवार रात वह अपने साथी रेमोन पवार के साथ कार क्रमांक एमपी-48-जेडई-1111 से बैतूल से चिचोली की ओर जा रहा था। कुमली और धनोरा के बीच कार आगे चल रहे हार्वेस्टर क्रमांक एचआर-01-बीए-5049 से टकरा गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
दुर्घटना में अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। उसके शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं। वहीं रेमोन पवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर बंसल कंपनी की एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और घायल को बैतूल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे नागपुर रेफर कर दिया।
चिचोली थाना प्रभारी हरिओम पटेल ने बताया कि दुर्घटना के बाद हार्वेस्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हार्वेस्टर जब्त कर लिया है। संचालक की जानकारी मिलने के बाद चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना की परिस्थितियों और चालक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित