ढाका , दिसंबर 22 -- बंगलादेश में जुलाई विद्रोह के लोकप्रिय नेता उस्मान हादी की मौत के कुछ दिनों बाद ही छात्र संगठन नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) के खुलना खंड प्रमुख मोटालेब शिकदर पर सोमवार को ढाका में अनजान लोगों ने गोलीबारी कर दी।

एनसीपी की मजदूर शाखा जतिया श्रमिक शक्ति के प्रभारी 42 वर्षीय शिकदर पर पूर्वाह्न 11:45 बजे गाज़ी मेडिकल कॉलेज के करीब उनके घर पर गोलीबारी हुई।

रिपोर्ट् के अनुसार, हमलावरों ने फरार होने से पहले उनके सिर पर गोली मारी। स्थानीय लोगों ने शिकदर को खुलना मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया।

पुलिस ने कहा कि फायरिंग के पीछे का मकसद अभी साफ नहीं है और इसमें शामिल लोगों की पहचान अभी होनी बाकी है। पुलिस ने उस जगह की तलाशी ली जहां शिकदर को गोली मारी गयी थी। पुलिस को वहां से ड्रग्स के इस्तेमाल के सबूत और गोली का खोल बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, यह घर नवंबर में एक दंपत्ति ने किराये पर लिया था। रिपोर्ट्स में स्थानीय सूत्रों के हवाले से कहा गया कि मोटालेब शिकदर उस घर में आता-जाता रहता था।

गोली लगने के तुरंत बाद दोनों पति-पत्नी छिप गये। किराएदार जोड़े की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिशें शुरू कर दी गयी हैं। खुलना मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने कहा कि गोली शिकदर के सिर में नहीं घुसी, बल्कि उसे छूकर निकल गयी। वह खतरे से बाहर है। पुलिस को शक है कि यह घटना ड्रग्स और औरतों से जुड़े किसी झगड़े या लड़ाई की वजह से हुई होगी।

इससे पूर्व, ढाका के पलटन इलाके में 12 दिसंबर को हमलावरों ने इंकलाब मंच के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी को गोली मार दी थी। बंगलादेश और फिर उसके बाद सिंगापुर में इलाज के बाद हादी की मौत हो गयी। हादी की मौत के बाद ढाका और बंगलादेश के दूसरे शहरों में बड़े पैमाने पर हिंसा फैल गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित