यमुनानगर , अक्टूबर 12 -- हरियाणा के यमुनानगर में अपराध शाखा-1 की टीम ने हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-18 में 23 वर्षीय शिवा त्यागी की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए अपराध शाखा-1 की टीम ने जिला करनाल के गांव चौपड़ी निवासी सचिन पुत्र पाटिल, कुरुक्षेत्र निवासी तुषार पुत्र रमेश कुमार तथा मिलन बामनिया पुत्र सतपाल को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।

प्रभारी राजकुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मेरठ के गांव महादेव निवासी शिवा त्यागी तीन सितंबर को अपने चाचा विक्की के पास हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-18 में आया हुआ था। उसके चाचा का दोस्त आशीष ठाकुर भी पड़ोस में रहता है। आशीष का अपनी पत्नी के साथ विवाद हो गया था। सात सितंबर को दोनों के बीच सुलह कराने के लिए शिवा एवं उसका चाचा उनके घर गए थे। यहां सुलह कराने के दौरान आशीष गाली-गलौज करने लगा, जिसके बाद शिवा व उसका चाचा वहां से लौट आए।

अगले दिन आशीष ने अपने भाई हिमांशु, कनिका, लक्ष्य, बादल सहित आठ-दस लोगों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। डंडों एवं रॉड से पीटा गया, जिसमें शिवा त्यागी के सिर में गंभीर चोट लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से पीजीआई रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस मामले में पुलिस ने पहले 10 सितंबर को झगड़े का मामला दर्ज किया था, बाद में मौत होने पर हत्या की धारा जोड़ी गई। उनकी टीम इससे पहले खेड़ा फार्म निवासी राजकुमार उर्फ लुक्का, आशीष ठाकुर, अंकित, सत्यम पुत्र बृजलाल, लक्ष्य व कनिष्क पुत्र सतबीर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब सचिन, तुषार और मिलन बामनिया को गिरफ्तार किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित