सागर , जनवरी 23 -- मध्यप्रदेश के सागर जिला मुख्यालय स्थित सिविल लाइन थाना अंतर्गत शिवाजी वार्ड की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में दिनदहाड़े ढाई से तीन लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी श्रीमती कल्पना पति विष्णु रावत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10.30 बजे वह अपने बेटे के साथ अस्पताल गई थीं। दोपहर करीब 12.30 बजे जब वे वापस घर लौटीं तो मकान के गेट के बाहर एक युवक मोटरसाइकिल पर खड़ा था। फरियादी को देखते ही दो अन्य युवक गेट की बाउंड्रीवॉल कूदकर बाहर आए और मोटरसाइकिल पर बैठकर भागने लगे।
फरियादी के बेटे ने जब युवकों को पकड़ने का प्रयास किया तो उनके हाथ में नुकीला हथियार था, जिससे वह डर गया। श्रीमती रावत के अनुसार बदमाश घर से ढाई से तीन लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी कर ले गए। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित