बैतूल , दिसंबर 2 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आमला थाना क्षेत्र में नाहिया स्थित एमके केसर क्रेशर से चोरों ने फिल्मी अंदाज में 30 लाख रुपये कीमत का मिलर ट्रक (एमपी 41 जी 3311) चोरी कर लिया। घटना को इतनी सूझबूझ से अंजाम दिया गया कि परिसर में मौजूद किसी को भनक तक नहीं लगी। क्रेशर मैनेजर सचिन शुक्ला के अनुसार, चोरों ने पहले सीसीटीवी कैमरों की केबल काट दी और हाईमास्ट लाइट बंद कर दी, जिससे रिकॉर्डिंग पूरी तरह बंद हो गई। इसके बाद देर रात ट्रक को क्रेशर से निकालकर हाईवे की ओर ले गए।
मिलानपुर टोल के पास ट्रक में अचानक आग लगने पर चोर ने खुद को ट्रक का कर्मचारी बताते हुए मौके पर मौजूद लोगों के साथ मिलकर आग भी बुझाई। जब लोगों ने मालिक से बात कराने को कहा तो वह बात टालता रहा और मौका मिलते ही वहां से निकल गया। आग की वजह से ट्रक के टायर और लाइनर जलकर खराब हो गए, जिससे वाहन आगे नहीं बढ़ सका और चोरों को ट्रक बैतूल से लगभग 18 किलोमीटर दूर पाढर में छोड़कर भागना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस ने ट्रक को बरामद कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित