आगरमालवा , जनवरी 27 -- मध्यप्रदेश के आगरमालवा जिले के नलखेड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम कोहड़िया में मंगलवार को हुए एक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां एक ढाबे पर जमीन का भराव करने के लिए मटेरियल डालने पहुंचे डंपर के साथ यह हादसा उस वक्त घटित हुआ, जब मटेरियल खाली करने के बाद डंपर के हाइड्रोलिक सिस्टम में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। मटेरियल खाली हो जाने के बाद भी डंपर का पिछला हिस्सा पूरी तरह नीचे नहीं आ पाया और वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में से एक की पहचान भुरू सेन के रूप में हुई है, जबकि दूसरे व्यक्ति पहचान अभी नहीं हो पाई है। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही नलखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए विद्युत विभाग की मदद से बिजली आपूर्ति बंद करवाई। इसके बाद मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित