फिरोजाबाद , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के नारखी थाना क्षेत्र में खेत पर झटका मशीन का तार ले जाते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि रैमजा गांव निवासी कुम्मी (18) बुधवार सुबह करीब पांच बजे गांव के ही संतोष तिवारी के साथ खेत पर झटका मशीन का तार ले जा रहा था। ठाकुर जी मंदिर के निकट उसने तार दूसरी ओर फेंका, जो पीपल के पेड़ में उलझने के बाद ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन पर जा गिरा। इससे तार में करंट दौड़ गया और कुम्मी उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया तथा बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजन उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार मृतक पांच भाई-बहनों में चौथे स्थान पर था और खेतीबाड़ी में परिवार का सहयोग करता था। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित