भोपाल , अक्टूबर 22 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से झुलसे सातवीं कक्षा के 13 वर्षीय छात्र कृष्णा नायक की गुरुवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। छात्र छह अक्टूबर को हादसे का शिकार हुआ था।

पुलिस के अनुसार, कृष्णा नायक पिता खजान सिंह नायक नीलबड़ के शिव नगर फेस-2 में रहता था। घटना के दिन उसने अपने पिता को गाड़ी की चाबी देने के लिए चाबी मांगी थी। पिता द्वारा चाबी नीचे फेंकने पर वह घर के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में जाकर फंस गई।

वही कृष्णा वाइपर की मदद से चाबी निकालने का प्रयास कर रहा था, तभी वह बिजली के तार के संपर्क में आ गया और करंट लगने से बुरी तरह झुलस गया। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा था। गुरुवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों की मौजूदगी में गुरुवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित