धार , जून 26 -- मध्यप्रदेश के धार शहर में इंदौर हाईकोर्ट के आदेश के बाद ऐतिहासिक इमामबाड़ा खोले जाने पर मोहर्रम पर्व को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला। इमामबाड़ा खुलने के बाद बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग सरकारी ताजिये के दीदार के लिए पहुंचे। इस दौरान पारंपरिक अखाड़ों ने अपने करतबों का प्रदर्शन कर ताजिये को सलामी दी।
न्यायालय के आदेश के बाद देर रात लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने इमामबाड़े का ताला खोलकर उसकी चाबी ताजिया कमेटी के सदर को सौंप दी। इसके बाद परिसर की साफ-सफाई कर सरकारी ताजिया स्थापित किया गया। अकीदतमंदों ने इमाम हुसैन की याद में देश और समाज में अमन-चैन की दुआ की। देर रात तक विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे अखाड़ों ने पारंपरिक प्रदर्शन किए।
इसी दौरान ताजिया निकालने को लेकर मुस्लिम समाज के दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर नियाज मोहम्मद उर्फ सन्नू चाचा के साथ मारपीट की घटना हुई। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति नियंत्रित की। कोतवाली थाना पुलिस ने नियाज मोहम्मद की शिकायत पर शाबीर, इस्लामुद्दीन उर्फ दद्दू तथा तीन अन्य आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी देर रात तक मौके पर मौजूद रहे। इमामबाड़ा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।
आज मोहर्रम के अंतिम दिन शहर के विभिन्न क्षेत्रों से ताजिए और अखाड़े इमामबाड़ा परिसर में एकत्रित होंगे। यहां से पारंपरिक जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होकर कर्बला पहुंचेगा, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मोहर्रम का समापन होगा।
इस बीच धार जिले के मनावर नगर में भी गुरुवार रात मोहर्रम के अवसर पर ताजियों को निर्माण स्थलों और घरों से निकालकर बैंड-बाजों के साथ नाला प्रांगण लाया गया। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में आकर्षक ताजियों का निर्माण किया गया। शुक्रवार को आशूरा की विशेष नमाज के बाद ताजियों का नगर भ्रमण कराया जाएगा तथा बाद में परंपरा के अनुसार उनका विसर्जन किया जाएगा। मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में शरबत और खिचड़ा वितरण का भी आयोजन किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित