बैतूल , सितंबर 10 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के भवानीतेड़ा गांव में खेत से चारा काटकर घर लौट रहे एक किसान की बिजली के तार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा बुधवार शाम करीब छह बजे हुआ।

पुलिस के अनुसार भवानीतेड़ा निवासी 40 वर्षीय शिवराम पिता घनश्याम गाडगे खेती-किसानी करते थे। बुधवार शाम वह पालतू पशुओं के लिए खेत से चारा काटकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके हाथ में रखा हसिया ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से टकरा गया। हसिया के तार के संपर्क में आते ही शिवराम को तेज करंट लगा और वह मौके पर गिर पड़े।

हादसे की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा शिवराम को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर बैतूल बाजार पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों के अनुसार शिवराम खेती के साथ परिवार की जिम्मेदारियां संभालते थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। हादसे में उनकी मौत से परिवार में शोक का माहौल है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और खेत के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की स्थिति कैसी थी, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों के बयान दर्ज कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित