श्रीगंगानगर , जुलाई 14 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में करीब 20 दिन पहले पाकिस्तानी ड्रोन से आयी 55 करोड रुपये की हेरोइन के मामले में पुलिस ने दुबई से हवाला के माध्यम से पाकिस्तानी तस्करों को नौ लाख रुपये भेजने के आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने मंगलवार को बताया कि पंजाब में जालंधर के हरप्रीतसिंह उर्फ टेंजी (33) को गिरफ्तार किया गया है। हरप्रीतसिंह ने प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा किया कि उसने श्रीगंगानगर जिले के साथ लगते अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ड्रोन से हेरोइन मंगवाने के लिये हवाला के जरिये नौ लाख रुपये दुबई से पाकिस्तान में तस्कर को भिजवाये थे।

उल्लेखनीय है कि 26 जून को श्रीगंगानगर जिले के जैतसर थाना क्षेत्र में पुलिस ने तस्करों की गाड़ी को पकड़ा था। गाड़ी में धर्मेंद्र सिंह उर्फ बब्बू (32) और जसविंदरसिंह उर्फ जस्सी (34) को गिरफ्तार किया था। उनसे नौ किलो 908 ग्राम हेरोइन और एक लाख 40 हजार रुपये नकद बरामद हुए थे। उसी दिन पुलिस ने जसविंदर सिंह उर्फ जस्सी की पत्नी नवजोत कौर को भी उसके घर से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से आधा किलो हेरोइन बरामद हुई थी।

इसी मामले में बाद में पुलिस ने अमरजीतसिंह उर्फ अंबी उर्फ सरपंच (36) और सिमरजीतसिंह उर्फ सिमर (22) को गिरफ्तार किया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कुल 10 किलो 500 ग्राम हेरोइन की खेप 25 जून की रात को श्रीगंगानगर जिले के घडसाना थाना क्षेत्र में पाकिस्तान सीमा से लगते एक खेत में ड्रोन से गिरायी गयी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित