ऋषिकेश/जौलीग्रांट , मार्च 21 -- उत्तराखंड में जौलीग्रांट विमानपत्तन से रात्रि उड़ान संचालन को लेकर जारी पूर्व प्रेस विज्ञप्ति पर प्रशासन ने स्पष्टीकरण जारी किया है।
स्पष्टीकरण में 20 मार्च को प्रकाशित ''जौलीग्रांट हवाईअड्डे से एक अप्रैल से शुरू होगी रात्रि उड़ान'' शीर्षक को तथ्यात्मक रूप से गलत बताया गया है।
जारी स्पष्टीकरण के अनुसार, वर्तमान में विमानपत्तन के संचालन समय सुबह 06:40 बजे से रात 09:00 बजे तक निर्धारित हैं। हालांकि, हवाईअड्डा रात्रिकालीन उड़ानों के लिए पूर्ण रूप से सक्षम है और आपात स्थिति में 24 गुणा 7 संचालन किया जा सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान उड़ान शेड्यूल में पहले विमान का आगमन 07:55 बजे तथा अंतिम प्रस्थान 19:45 बजे निर्धारित है। शीतकालीन उड़ान अनुसूची 26 अक्टूबर 2025 से प्रभावी है, जबकि ग्रीष्मकालीन अनुसूची 29/30 मार्च 2026 से प्रस्तावित है।
समाचार में उल्लेखित एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान के संबंध में स्पष्ट किया गया कि एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक सीमित अवधि के लिए 20:30 बजे आगमन और 21:00 बजे प्रस्थान का प्रस्ताव है। इस पर अंतिम निर्णय ग्रीष्मकालीन शेड्यूल के अनुमोदन के बाद ही लिया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आधिकारिक पुष्टि से पहले प्रसारित किसी भी सूचना को अंतिम न माना जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित