चंडीगढ़ , अगस्त 31 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) द्वारा पंजाब पुलिस को उन्हें पांच दिनों के भीतर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए जाने को राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 10 महीने पुराने मामले को अब उठाना उत्तराखंड के हल्द्वानी में आरएसएस-भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कथित 'शुद्धीकरण' किये जाने के मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश है।
राजा वड़िंग ने सोमवार को कहा कि उन्होंने एनसीएससी के आदेश अभी नहीं देखे हैं और यह मामला करीब दस महीने पुराना है। उन्होंने कहा कि दिवंगत बूटा सिंह का परिवार उनके लिए अपने परिवार जैसा है और उन्होंने उसी समय माफी मांग ली थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने दिवंगत बूटा सिंह के बारे में कोई अपमानजनक टिप्पणी नहीं की थी, बल्कि एक विशेष संदर्भ में उनका नाम लिया था। उन्होंने कहा कि इसके बाद वह विभिन्न मामलों को लेकर एनसीएससी के अध्यक्ष से दो बार मुलाकात भी कर चुके हैं। वड़िंग ने आरोप लगाया कि आज जारी निर्देश हल्द्वानी के घटनाक्रम को लेकर भाजपा पर बढ़ते जनदबाव का परिणाम हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के स्थल का कथित रूप से इसलिए 'शुद्धीकरण' किया गया, क्योंकि रैली को एक दलित नेता ने संबोधित किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने यह मुद्दा संसद में उठाया और लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कथित दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
राजा वड़िंग ने आरोप लगाया कि दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बजाय उत्तराखंड की भाजपा सरकार ने राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी। उन्होंने कहा कि पंजाब में उन्हें गिरफ्तार करने का निर्देश भी इसी घटनाक्रम से ध्यान भटकाने की कड़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने पहले भी उनके खिलाफ आदेश जारी किया था, जिसे अदालत ने स्थगित कर दिया था।
राजा वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस ऐसी कथित राजनीतिक रणनीतियों से डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा को हल्द्वानी में दलित नेता द्वारा रैली को संबोधित किए जाने के कारण स्थल के कथित 'शुद्धीकरण' का जवाब देना होगा और कांग्रेस इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित