हल्द्वानी , जुलाई 23 -- उत्तराखंड की हल्द्वानी पुलिस ने सत्य विहार कॉलोनी में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लाखों रुपए मूल्य के चोरी के आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं।

नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा0 मंजूनाथ टीसी के अनुसार विगत 18 जुलाई को आरटीओ रोड स्थित सत्य विहार की ओमकार कॉलोनी निवासी कुसुम जोशी के माता-पिता के घर में चोरों ने सेंध लगाकर लाखों के आभूषण चोरी कर लिये थे।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।

उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में संदिग्ध व्यक्ति आनंदपुर गांव में देखा गया है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को पकड़ लिया।

आरोपी की पहचान श्याम सिंह निवासी फकीराइन मस्जिद के नीचे, जवाहर नगर, थाना बनभूलपुरा के रूप में हुई। आरोपी के कब्जे से सोने के साढ़े चार लाख रुपए मूल्य के आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं। इसी के साथ मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित