नैनीताल , अप्रैल 15 -- उत्तराखंड में हल्द्वानी के भोटिया पड़ाव मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 66 लाख की स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
डॉ. मंजुनाथ टी.सी.ने बुधवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मंगलवार को हल्द्वानी पुलिस और विशेष अभियान समूह (एसओजी) टीम की ओर से भोटिया पड़ाव क्षेत्र में जांच अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा और उसकी तलाशी लेने पर उससे 221 ग्राम स्मैक बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में उसकी कीमत लगभग 66.30 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम विजय सिंह नेगी (35) है और वह अल्मोडा में द्वाराहाट के बैठना गांव का रहने वाला है। वह हाल में गंगा कालोनी, गुलाटी चिकन वाली गली, हल्द्वानी में रहता है। उसके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 8/21 के तह मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
इसके अलावा पुलिस ने स्मैक के साथ हल्द्वानी और वनभूलपुरा क्षेत्रों से दो अन्य तस्करों की भी गिरफ्तारी किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गुलशन और मेराज अली शामिल हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से पुलिस टीम को 1500 रुपये के नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है। यह भी पता लगा रही है कि आरोपी बरामद स्मैक को कहां से लेकर आया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित