लखनऊ , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के बाद आरएसएस और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम स्थल के 'शुद्धिकरण' किए जाने को लेकर भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला है।
सोशल मीडिया पर जारी किए गए एक बयान में उन्होंने कहा कि यह घटना दलित समाज के प्रति भाजपा और आरएसएस की निकृष्ट मानसिकता को दर्शाती है। यह केवल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का अपमान नहीं, बल्कि देश के पूरे दलित समाज का अपमान है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस चाहे कितना भी सहभोज का दिखावा कर लें, उनकी दलित विरोधी सोच समय-समय पर सामने आ ही जाती है। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी की घटना ने भाजपा और आरएसएस की कथित सामाजिक समरसता की राजनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संसद में इस घटना पर जवाब देने की मांग की।
श्री राय ने कहा कि भाजपा और आरएसएस को देश के दलित समाज से तत्काल माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दलित समाज का सम्मान केवल राजनीतिक कार्यक्रमों और सहभोज तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि व्यवहार में भी सामाजिक समानता और सम्मान दिखाई देना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित