लखनऊ , अगस्त 13 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद उसी स्थान के 'शुद्धिकरण' किए जाने के विरोध में उत्तर प्रदेश कांग्रेस 14 अगस्त को लखनऊ में शांतिपूर्ण मार्च निकालेगी।

कांग्रेस की ओर से जारी सूचना के अनुसार शांति मार्च शाम छह बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से शुरू होगा। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी शामिल होंगे। पार्टी ने लखनऊ के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में मार्च में शामिल होने की अपील की है।

कांग्रेस ने हल्द्वानी में हुए 'शुद्धिकरण' समारोह को शर्मनाक और निंदनीय बताते हुए इसे आरएसएस, भाजपा और उनके सहयोगी संगठनों की जातिगत भेदभाव एवं छुआछूत वाली मानसिकता का प्रतीक बताया है। कांग्रेस का कहना है कि इस तरह का कृत्य केवल मल्लिकार्जुन खरगे का अपमान नहीं है, बल्कि करोड़ों दलितों, पिछड़े वर्गों और हाशिए पर रहने वाले समुदायों की गरिमा का भी अपमान है।

पार्टी ने इसे संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा स्थापित संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ बताया है। प्रदेश कांग्रेस के मुताबिक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मंशा के अनुरूप यह मार्च आयोजित किया जा रहा है। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण तरीके से मार्च में शामिल होकर अपना विरोध दर्ज कराने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित