हल्द्वानी , जून 12 -- उत्तराखंड की हल्द्वानी पुलिस ने स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से संचालित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि छह युवतियों को सुरक्षित मुक्त कराया है। फरार स्पा सेंटर संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी डाॅ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार शाम तिकोनिया के निकट गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स स्थित एमजे द लग्जरी स्पा सेंटर में छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें पहले से मिल रही थीं। मुखबिर की सूचना पर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई कार्रवाई के दौरान परिसर के भीतर आपत्तिजनक गतिविधियां संचालित होती पाई गईं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह युवतियों को सुरक्षित मुक्त कराया। सभी को काउंसलिंग के बाद वन स्टॉप सेंटर हल्द्वानी भेज दिया गया है। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।
पुलिस ने मौके से नीरज सिंह, निवासी ग्राम चिरखून, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली (हाल निवासी बद्रीश कॉलोनी, शिमला बाईपास रोड, देहरादून), कार्तिकेय गुप्ता (26) निवासी महावीर गंज-द्वितीय, फर्रुखाबाद (हाल निवासी वसुंधरा, गाजियाबाद), पूनम (42) निवासी चांदनी चौक, दिल्ली (हाल निवासी दमुआढूंगा, काठगोदाम) तथा अतुल ठाकुर (22) निवासी राजेंद्र नगर, हल्द्वानी को गिरफ्तार किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित