हल्द्वानी , जुलाई 31 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में गुरुवार को मार्निंग वॉक पर निकली महिला से हुई कुंडल स्नेचिंग के मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच में पांच टीमें जुटी हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डाॅ. मंजूनाथ टीसी के अनुसार हल्द्वानी के आम्रपाली चौकी के अंतर्गत देहात इलाके में गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला से बदमाशों ने कुंडल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया था।
उन्होंने कहा कि सुनसान जगह पर दो अज्ञात युवकों ने महिला के कानों से कुंडल छीन लिए और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज कत्याल की अगुवाई में पांच टीमें गठित की गईं हैं।
डॉ. मंजूनाथ के अनुसार पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और पुलिस टीम को ठोस सुराग हाथ लगे हैं। आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित