हल्द्वानी , मई 24 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जनपद भ्रमण के दौरान हल्द्वानी-काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में आम जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की और जन समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और संतुष्टिपरक समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता को राहत पहुंचाने के लिए संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।
जनसुनवाई के दौरान पेयजल संकट, ग्रामीण सड़कों की बदहाल स्थिति, विद्युत आपूर्ति और सिंचाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। मुख्यमंत्री ने पेयजल निगम को गर्मी के मौसम को देखते हुए जरूरत पड़ने पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराने और खराब पड़े नलकूपों एवं हैंडपंपों को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त करने तथा विद्युत विभाग को तय रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित