हल्द्वानी , मार्च 15 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले के चोरगलिया क्षेत्र में मंदिर से घंटियां, तांबे के कलश और नगदी चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी के अनुसार जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चोरगलिया थाना प्रभारी हरपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया है।

पुलिस के अनुसार 14 मार्च 2026 को बसंतपुर किशनपुर निवासी आशीष बेलवाल ने थाना चोरगलिया में शिकायत दर्ज कराई थी कि मंदिर से घंटियां, तांबे का कलश और दानपात्र में रखी नगदी चोरी हो गई है। इस पर थाना चोरगलिया में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुंवर पाल (24) निवासी दानीबंगर, थाना चोरगलिया और नितिन कुमार (19) निवासी ठाकुरद्वारा चुंगी, काठगोदाम के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित