नैनीताल , मई 30 -- उत्तराखंड की हल्द्वानी पुलिस ने शनिवार को बरेली रोड स्थित एक फर्नीचर शोरूम में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक मनोज कत्याल ने शनिवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 25 मई की रात को गोल्ज्यू फर्नीचर इंडस्ट्रीज, मोतीनगर बरेली रोड में चोरों ने सेंध लगा कर बिजली की केबल, एसी की कॉपर पाइप लाइन, विद्युत तार और अन्य सामान चोरी कर ले गए। शोरूम स्वामी मयंक मित्तल की शिकायत पर पुलिस ने 28 मई को कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की। जांच टीम ने मंडी क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूर्य प्रकाश मौर्य उर्फ जुल्फि (29 वर्ष) निवासी रिछा, तहसील बहेड़ी, जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश) तथा दयाल सिंह गड़िया उर्फ धीरज (23 वर्ष) निवासी ग्राम तौली, थाना कपकोट, जनपद बागेश्वर, हाल निवासी हाथीखाल रेलवे फाटक के पास, गोरापड़ाव, हल्द्वानी के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सफेद रंग के केबल तार के गुच्छे, काले रंग का एल्यूमीनियम विद्युत तार, कॉपर तार का गुच्छा तथा नीले रंग के विद्युत तार बरामद किए हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, कांस्टेबल हरीश राणा और कांस्टेबल ललित मेहरा शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित