हल्द्वानी , अगस्त 10 -- उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में डेयरी और दुग्ध उत्पादों से जुड़े प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान पनीर-घी समेत चार खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सहायक खाद्य आयुक्त अजब सिंह रावत के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में करीब छह खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने डेयरी उत्पादों, घी और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता, मानकों और लेबलिंग की जांच की।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम क्षेत्र में बाजपुर से आ रहे एक वाहन से पनीर और देसी घी के नमूने लिए गए। वहीं सोशल मीडिया से मिली सूचना के आधार पर संदेह के चलते गोवर्धन घी का नमूना भी जांच के लिए लिया गया। एक अन्य डेयरी प्रतिष्ठान से मदर डेयरी घी का नमूना भी संग्रहित किया गया।
सभी नमूनों को नियमानुसार सील और सुरक्षित कर राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। विभाग के अनुसार जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही संबंधित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों के संबंध में आगे कार्रवाई तय की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट में यदि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित खाद्य कारोबार संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 30(2) के तहत आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड द्वारा सात अगस्त को जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के अनुपालन में चलाया गया। आदेश में ऐसे अमानकीकृत डेयरी एनालॉग अथवा गैर-दुग्ध उत्पादों के निर्माण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर रोक लगाई गई है, जो वास्तविक दुग्ध उत्पाद होने का भ्रम पैदा करते हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आकस्मिक निरीक्षण और नमूना संग्रह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस अभियान में सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी नैनीताल अजब सिंह रावत और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी नगर निगम अभय कुमार सिंह शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित