नैनीताल , फरवरी 23 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में पुलिस ने चंदन की लकड़ी के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी गई लकड़ी भी बरामद की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा0 मंजूनाथ टीसी के अनुसार हल्द्वानी के रामपुर रोड से पिछले महीने 19 जनवरी को एक चंदन का पेड़ गायब हो गया था। चंदन तस्कर लकड़ी काट कर लें गये थे।

डालाकोटी कंपाउंड निवासी उमेश चंद्र डालाकोटी की तहरीर पर पुलिस ने हल्द्वानी कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने सर्वप्रथम आसपास के सीसीटीवी खंगाले। पुलिस ने जांच में मिले तथ्यों के आधार पर रविवार रात को घटना में शामिल एक आरोपी कमल ढाली निवासी सूरज फार्म ओझा, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर, उप्र को गिरफ्तार कर लिया।

श्री मंजूनाथ के अनुसार चंदन के पेड़ गायब करने की योजना जेल में बनी थी।

गिरफ्तार आरोपी की मुलाकात जेल में इन्द्रजीत राय नाम के अपराधी से हुई जो पहले भी चंदन तस्करी के मामले में शामिल रहा है। योजना के मुताबिक घटना के दिन 19 जनवरी को दोनों मोटरसाइकिल से हल्द्वानी आए और रात में डालाकोटी कंपाउंड से पेड़ काट कर और लकड़ी लेकर फरार हो गए।

घटना को अंजाम देने से पहले तस्करों ने पास लगे सीसीटीवी कैमरे का तार काट दिया। यह भी पता चला कि आरोपियों की चोरी की गई लकड़ी को कानपुर ले जाकर बेचने की योजना थी। अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी किए गए चंदन की लकड़ी के 06 टुकड़े और उपकरण भी बरामद किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित