नयी दिल्ली , सितंबर 07 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी में हुई सभा के बाद कथित तौर पर कार्यक्रम स्थल के 'शुद्धिकरण' को लेकर कांग्रेस में आक्रोश है तथा पार्टी के अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के सांसदों एवं वरिष्ठ नेताओं ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है।

इंदिरा भवन में सोमवार को कांग्रेस के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के सांसदों और वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। करीब तीन घंटे चली बैठक में सांसद मल्लू रवि, कांग्रेस महासचिव के. राजू, कांग्रेस अनुसूचित विभाग के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम समेत कई नेता शामिल हुए।

बैठक के बाद कांग्रेस सांसद मल्लू रवि ने कहा, "आज कांग्रेस के 32 सांसदों ने हल्द्वानी मुद्दे पर बैठक की है। हम इस मामले को हर स्तर पर लेकर जाएंगे। कल हम राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपेंगे।"कांग्रेस अनुसूचित विभाग के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि आज एससी-एसटी पार्लियामेंट्री फोरम का गठन हुआ है, जिसमें हल्द्वानी में हुए कथित शुद्धिकरण के मुद्दे पर चर्चा की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह का "शुद्धिकरण" वर्षों से होता आया है और बाबू जगजीवन राम के समय से लेकर आज तक यह सिलसिला जारी है।

गौरतलब है कि हल्द्वानी में श्री खरगे की सभा के बाद कथित शुद्धिकरण के मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी प्रेस वार्ता कर चुके हैं। श्री गांधी ने इस घटना से जुड़े लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित