हल्द्वानी , फरवरी 24 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले के चोरगलिया थाना क्षेत्र में एक खनन कारोबारी द्वारा खुद को गोली मारने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामला गजेपुर गांव का बताया जा रहा है, जहां देर रात खनन कारोबारी कमलेश बेलवाल ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया,परिजनों ने आनन-फानन में घायल अवस्था में उन्हें हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी,प्राथमिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी ने बताया कि घटना चोरगलिया थाना क्षेत्र के गजेपुर गांव की है। खनन कारोबारी कमलेश बेलवाल ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से स्वयं को गोली मारी, जिससे उनकी मौत हो गई। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित