नैनीताल , फरवरी 28 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में शनिवार को कार के अंदर एक व्यापारी का शव बरामद होने पर इलाके में हडकंप मच गया। पुलिस ने हालांकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने कोतवाली पुलिस को बताया कि सुशीला तिवारी अस्पताल के पास खड़ी एक कार के अंदर एक व्यक्ति बेहोश पड़ा हुआ है।
कोतवाल विजय मेहता की अगुवाई में एक टीम मौके पर पहुंची और कार का शीशा तोड़ कर बेहोशी की हालत में पड़े व्यक्ति को पास के अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान हल्द्वानी के बरेली रोड निवासी अरुण बिष्ट (32) के रूप में हुई। मृतक एक बैंक्वेट हॉल का मालिक था। बताया जा रहा है कि कार का एयर कंडीशनर चालू था। आशंका है कि मृतक की दम घुटने से मौत हुई है।
पुलिस का कहना है कि मौत का असली कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित