हल्द्वानी , जुलाई 18 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से शनिवार को अभियान चलाकर 20 से अधिक अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में जलभराव की समस्या को देखते हुए आज जिला प्रशासन की ओर से अभियान चलाया गया। इस दौरान 20 से अधिक अवैध पक्के निर्माणों को ध्वस्त कर नालों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में प्रशासन और नगर निगम की टीम ने बनभूलपुरा के लाइन नंबर-1 स्थित ईदगाह के पास जेसीबी की मदद से नालों पर बने अवैध निर्माण हटाए।

बताया जा रहा है कि अतिवृष्टि के दौरान इन अतिक्रमणों के चलते जल निकासी बाधित हो रही थी, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही थी। प्रशासन ने कार्रवाई से पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस देकर खुद निर्माण गिराने का अवसर दिया था लेकिन निर्धारित समय तक पालन नहीं होने पर शनिवार को कार्रवाई की गई।

श्री वाजपेयी ने कहा कि जल निकासी व्यवस्था में बाधा बनने वाले किसी भी अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जनहित में ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

श्री वर्मा ने कहा कि शहर को जलभराव से राहत दिलाने के लिए नालों और सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने का अभियान चरणबद्ध तरीके से अन्य क्षेत्रों में भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित