नैनीताल , मार्च 12 -- उत्तराखंड की नैनीताल पुलिस को अपराध नियंत्रण अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय कथित शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का माल और एक पिस्तौल भी बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी डाॅ. मंजूनाथ टीसी ने गुरुवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गत 10 मार्च को हीरानगर निवासी प्रकाश कविदयाल के घर के बाहर से मोटरसाइकिल जबकि अगले दिन राजपुरा निवासी सुमित मार की दुकान से चार मोबाइल फोन चोरी होने की घटना सामने आई थी। दोनों मामलों में पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने आरोपी कवि बिष्ट (33) निवासी गोलू माजरा, डेराबस्सी, मोहाली (चंडीगढ़) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की मोटरसाइकिल समेत चार मोबाइल फोन बरामद कर लिये। यही नहीं आरोपी के कब्जे से एक 32 बोर की देशी पिस्टल और दो कारतूस भी बरामद किए गए हैं। अवैध हथियार मिलने पर आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी एक पेशेवर अपराधी है, जिसके खिलाफ उत्तराखंड के अलावा चंडीगढ़ और हरियाणा के पंचकुला क्षेत्र में चोरी, लूट और झपटमारी के 14 से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी शामिल रहे। एसएसपी के अनुसार जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित