हल्द्वानी , अगस्त 28 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी के गोरा पड़ाव डकैती मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, चार कारतूस और वारदात में प्रयुक्त वरना कार बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डाॅ. मंजूनाथ टीसी के अनुसार विगत 19 अगस्त को हल्द्वानी के गोरा पड़ाव में 10-12 हथियारबंद बदमाशों द्वारा कार्यालय के गैराज में धावा बोल कर आठ लाख रुपए नकद, तीन सोने की चेन और 12 मोबाइल फोन लूट कर फरार हो गए थे।

पुलिस टीम ने डकैती के मास्टर माइंड समेत छह आरोपियों को पहले गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। गुरुवार रात को पुलिस को सफलता मिली और दो और आरोपियों को पंतनगर एयरपोर्ट के पीछे से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहब सिंह उर्फ साबी (27) निवासी ग्राम गज्जीपुर, थाना मिलक खानम, जिला रामपुर और गुरवंत सिंह उर्फ गोपी (26) निवासी ग्राम नूरपुर, थाना स्वार, जिला रामपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने साहब सिंह के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और वरना कार जबकि गुरवंत सिंह के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस बरामद किए हैं। दोनों के कब्जे से कुल 1.40 लाख रुपये की लूटी गई नकदी बरामद हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित