हल्द्वानी , अप्रैल 04 -- उत्तराखंड के प्रवेशद्वार हल्द्वानी के काठगोदाम क्षेत्र के गौलापार बैराज में एक बुजुर्ग व्यक्ति ने अचानक बैराज में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही जल पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तेजी और सूझबूझ के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और बुजुर्ग को सकुशल बाहर निकाल लिया।

पुलिस ने बताया कि उन्हें शुक्रवार देर शाम को उस समय सूचना मिली जब कॉलर दीपक भण्डारी ने जल पुलिस को फोन कर बताया कि एक व्यक्ति बैराज में कूद गया है। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल प्रताप गड़िया अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से बुजुर्ग को पानी से बाहर निकाल लिया गया।

पूछताछ में बुजुर्ग ने अपना नाम मोहन चन्द्र उपाध्याय (80) निवासी गंगाविहार, कुसुमखेड़ा बताया। पुलिस ने तुरंत परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उनके पुत्र यत्तीश उपाध्याय और ममता उपाध्याय मौके पर पहुंचे।

परिजनों ने बताया कि मोहन चन्द्र उपाध्याय अवसाद से जूझ रहे हैं और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए बुजुर्ग को सुरक्षित उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित