हल्द्वानी , जून 10 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में अमेजन स्टोर में हुए भीषण अग्निकांड की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पांच जून को हुए अग्निकांड में दो लोगों की मौत हो गई थी।

नैनीताल जिला प्रशासन के निर्देश पर हल्द्वानी के नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। श्री बाजपेई के अनुसार घटना से जुड़े सभी तथ्यों की गहन जांच की जायेगी।

उन्होंने जांच को व्यापक और निष्पक्ष बनाने के लिए आमजन से सहयोग की मांग की। उन्होंने अपील की है कि यदि किसी व्यक्त के पास घटना से संबंधित कोई जानकारी, साक्ष्य, दस्तावेज, वीडियो, फोटो या अन्य महत्वपूर्ण तथ्य उपलब्ध हों तो वह उनके समक्ष पेश करें।

उन्होंने बताया कि विज्ञप्ति के प्रकाशन की तिथि से 10 दिनों के भीतर नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज करा सकता है। इसके अलावा संबंधित अभिलेख और साक्ष्य पंजीकृत डाक के माध्यम से भी उपलब्ध कराए जा सकते हैं।

प्रशासन का कहना है कि प्राप्त सभी साक्ष्यों और बयानों को जांच प्रक्रिया में शामिल कर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा, ताकि जिम्मेदारियों का निर्धारण किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित