हलवारा , मई 20 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को कहा कि हलवारा एयरपोर्ट का नाम महान शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर रखा जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में राज्य सरकार केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से मामला उठाएगी।

श्री मान ने आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ उड़ान संचालन शुरू होने के बाद पहली बार हलवारा एयरपोर्ट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से बातचीत करते हुए कहा कि एयरपोर्ट का संचालन शुरू होना पंजाब में आर्थिक विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और निवेश के नए दौर की शुरुआत है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने हलवारा एयरपोर्ट के विकास पर करीब 54.67 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने कहा कि यहां से नियमित उड़ानें शुरू होने से पंजाब के लोगों को सुविधा मिलेगी और राज्य में उद्योग, व्यापार तथा निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि मोहाली एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह और आदमपुर एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु रविदास महाराज जी के नाम पर रखने के बाद अब हलवारा एयरपोर्ट को शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर समर्पित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहीद सराभा ने मात्र 19 वर्ष की आयु में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था और उनका जीवन लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है।

श्री मान ने कहा कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह भी करतार सिंह सराभा को अपना आदर्श मानते थे। उन्होंने कहा कि सराभा ने अमेरिका की बर्कले यूनिवर्सिटी में एविएशन की पढ़ाई शुरू की थी लेकिन देश की आजादी के संघर्ष में शामिल होने के लिए वापस भारत लौट आए। उन्होंने कहा कि पंजाब विधानसभा ने 22 मार्च 2023 को सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से भारतीय वायुसेना स्टेशन हलवारा स्थित अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम "शहीद करतार सिंह सराभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट" रखने की मांग की थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एयरपोर्ट शुरू होने से उद्योगपतियों, कारोबारियों और निवेशकों की आवाजाही आसान होगी, जिससे राज्य में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले दिल्ली-एनसीआर के लिए सीधी उड़ानें नहीं होने के कारण लोगों, खासकर उद्योगपतियों को सड़क मार्ग से यात्रा में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार हलवारा एयरपोर्ट से जल्द और अधिक उड़ानें शुरू करवाने के लिए प्रयास करेगी। साथ ही साहनेवाल एयरपोर्ट भवन का उपयोग युवाओं को पायलट प्रशिक्षण देने के लिए करने की योजना भी बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार हलवारा एयरपोर्ट की उड़ानों के समय में बदलाव के मुद्दे को भी केंद्र सरकार के समक्ष उठाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित