जौनपुर , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में श्रावण मास के पावन अवसर पर गुरुवार को त्रिलोचन नाथ महादेव सहित सभी शिवालयों में आस्था का सैलाब देखने को मिला।
जिले में बक्शा थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक साईनाथ महादेव मंदिर, त्रिलोचन महादेव धाम त्रिलोचन बाजार , करसूलनाथ धाम, गौरी शंकर धाम सुजानगंज, पातालनाथ महादेव, गोमतेश्वर महादेव केराकत, पांचो शिवाला पुरानी बाजार, आदि विभिन्न शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक करने और आशीर्वाद लेने के लिए कतारों में खड़े नजर आए।
साईनाथ महादेव मंदिर में स्थिति यह थी कि दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार मंदिर परिसर से बाहर तक करीब 200 मीटर लंबी हो गई थी। श्रद्धालु गंगाजल, बेलपत्र और पूजा सामग्री लेकर श्हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के साथ अपनी बारी का इंतजार करते रहे। मंदिर में उमड़ी इस भीड़ ने प्रशासन की तैयारियों की परीक्षा भी ली।
बदलापुर क्षेत्र के प्राचीन गौरीशंकर धाम चंदापुर, चैरेश्वरनाथ धाम छंगापुर, भगवान दूधनाथ धाम दुगौली खुर्द, कवंचलनाथ मंदिर दाउदपुर सहित सभी शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारें लगी रही। धर्मापुर रू धर्मापुर बाजार स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर में भी भारी भीड़ रही। बताया गया कि सावन शुरू होते ही भक्तों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है।
फिलहाल, सावन के पूरे महीने में इन मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहने की उम्मीद है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से सुविधाओं के विस्तार को लेकर की जाने वाली कार्रवाई पर ही अब सभी की निगाहें टिकी हैं, ताकि आस्था के इस महापर्व में भक्तों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित