बैतूल , अगस्त 10 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने प्रत्येक शुक्रवार अधिकारियों को क्षेत्र में रहकर आमजन की समस्याओं और शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत सेक्टर स्तर पर प्राप्त शिकायतों के साथ संबंधित विषय की अन्य समस्याओं का भी प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। जनविश्वास शिविर आयोजित होने से पहले संबंधित अधिकारी गांवों का भ्रमण कर समस्याओं की पहचान करें और यथासंभव उनका समाधान पहले ही सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शुक्रवार सभी विभागों के अधिकारी कार्यालयों में बैठने के बजाय निर्धारित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद करें। एसडीएम भी निर्धारित रोस्टर के अनुसार अपने क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे। जनविश्वास शिविरों के व्यवस्थित आयोजन के साथ विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों के क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनवाड़ियों और स्कूलों का निरीक्षण कर वहां मिलने वाली कमियों को दूर कराने के लिए भी कहा गया। कलेक्टर ने कहा कि पटवारी, पंचायत सचिव, शिक्षक सहित ऐसे कर्मचारी जो लगातार अपने कर्तव्य स्थल से अनुपस्थित रहते हैं या आमजन की शिकायतों को लंबित रखते हैं, उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
बैठक में नगरीय निकायों में ट्रेंचिंग ग्राउंड और वेस्ट प्रोसेसिंग से जुड़े कार्यों के नियमित फॉलोअप के निर्देश दिए गए। सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची पंचायतों में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित कराने को कहा गया। जनविश्वास शिविरों में आधार कार्ड निर्माण और मेडिकल बोर्ड की व्यवस्था के साथ पंचायतवार अलग-अलग स्टॉल लगाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में शिक्षा संजीवनी प्रोजेक्ट की समीक्षा करते हुए सामाजिक संगठनों और शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई। जिला खनिज अधिकारी को खनन प्रभावित क्षेत्रों में वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, जनसुनवाई और समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से प्रस्तावित कार्यों की जानकारी भी शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया।
कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए ध्वजारोहण, मुख्यमंत्री के संदेश के सीधे प्रसारण, विद्युत आपूर्ति, बैठक व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत 13 अगस्त को नगरीय निकायों एवं जनपद मुख्यालयों तथा 14 अगस्त को ग्राम पंचायतों में तिरंगा रैली आयोजित करने को कहा गया। रैलियों का नेतृत्व समाज के विशिष्ट नागरिकों द्वारा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित