जोधपुर , सितंबर 13 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि आज ब्रिक्स ही नहीं, अपितु दुनिया के किसी भी वैश्विक मंच पर भारत की बात को गंभीरता के साथ लिया जाता है जो यह भारत के बढ़ते प्रभुत्व और वैश्विक प्रभाव का स्पष्ट दर्शन है।

श्री शेखावत रविवार को यहां हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत अब वैश्विक विमर्श में केवल सहभागी नहीं, अपितु महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले देशों में शामिल है। उन्होंने कहा कि जी-20 के बाद भारत को ब्रिक्स की अध्यक्षता मिलना अपने आप में महत्वपूर्ण है। उन्होंने ब्रिक्स में आतंकवाद के मुद्दे पर सभी देशों के मतभेदों को पीछे छोड़कर एकजुटता दिखाने और आतंकवाद की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किए जाने को अहम उपलब्धि बताया।

टैरिफ के मुद्दे पर श्री शेखावत ने कहा कि टैरिफ हर देश का अपना आर्थिक विषय है लेकिन टैरिफ का शस्त्रीकरण (वेपनाइजेशन) नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत इस दिशा में संवाद और समझौतों के माध्यम से आगे बढ़ रहा है। भारत ने कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) किए हैं और यूरोपीय संघ, ब्रिटेन तथा अमेरिका के साथ भी एफटीए को लेकर बातचीत चल रही है।

श्री शेखावत ने कहा कि भारत का प्रयास ऐसी व्यवस्था कायम करने का है, जिसमें संवाद के आधार पर भारतीय उत्पादकों, मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र और किसानों के हित सुरक्षित रहें तथा देश को इसका लाभ मिले। उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के बीच भारत ने जिस तरह प्रदर्शन किया है, उसके परिणाम पहली तिमाही के आंकड़ों में भी दिखाई दिये हैं।

उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय आर्थिक चुनौतियों और मंदी जैसी परिस्थितियों का सामना कर रही है। इसका असर भारत पर भी दिखाई देगा लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के हर क्षेत्र में विकास और ग्रोथ देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित