चंडीगढ़ , मई 09 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा है कि जनता हर वार्ड में कमल खिलाकर विकास और सुशासन को मजबूत बनाने का मन बना चुकी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशियों की जीत से हरियाणा में ट्रिपल इंजन सरकार बनेगी, जिससे विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
सोनीपत नगर निगम चुनाव के दौरान श्री बड़ौली ने शनिवार को विभिन्न वार्डों में डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर लोगों से 10 मई को भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा विकास, पारदर्शिता और जनसेवा को प्राथमिकता दी है और प्रदेश का समग्र विकास भाजपा सरकार में ही संभव है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार लगातार जनहित में कार्य कर रही है। गरीब कल्याण, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किये हैं।
श्री बड़ौली ने कहा कि सोनीपत, रेवाड़ी, अंबाला, पंचकूला, सांपला और उकलाना सहित जिन क्षेत्रों में चुनाव हो रहे हैं, वहां जनता भाजपा को समर्थन देने का मन बना चुकी है। उन्होंने लोगों से बेहतर नागरिक सुविधाओं और सुनियोजित विकास के लिए भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
उन्होंने सोनीपत नगर निगम चुनाव में मेयर प्रत्याशी सहित सभी भाजपा उम्मीदवारों को जिताने की अपील करते हुए कहा कि 23 कमल खिलाकर विकास को और गति दें। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित