चंडीगढ़ , अगस्त 01 -- हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने युवाओं से नशे के खिलाफ संकल्प लेने और समाज से इस बुराई को जड़ से समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक युवा नशामुक्ति अभियान से जुड़ने के लिए दस अन्य लोगों को प्रेरित करे तो यह अभियान एक सशक्त जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
प्रो घाेष पंजाब के पटियाला स्थित राजीव गांधी राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में "नशे के खिलाफ जंग" विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और हरियाणा की प्रथम महिला मित्रा घोष भी उपस्थित रहीं।
उन्होंने कहा कि युवाओं के सामने दो रास्ते हैं-एक शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और सफलता की ओर ले जाता है, जबकि दूसरा नशे, बिखरते परिवारों और टूटते सपनों की ओर। उन्होंने विश्वास जताया कि देश का युवा सही मार्ग चुनकर नशामुक्त समाज के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
प्रो. घोष ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवारों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के दबाव, बेरोजगारी और अकेलेपन जैसी चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने की अपील करते हुए कहा कि नशा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को समय, विश्वास और भावनात्मक सहयोग देने का आग्रह किया तथा कहा कि नशे के शिकार लोगों को तिरस्कार नहीं, बल्कि उपचार और पुनर्वास की आवश्यकता है।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिट इंडिया, खेलो इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और विकसित भारत-2047 जैसे कार्यक्रम युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। ऐसे में नशे जैसी सामाजिक बुराई के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हरियाणा और पंजाब के युवाओं ने खेलों में देश का नाम रोशन किया है और वही युवा नशे के खिलाफ अभियान में भी अग्रणी भूमिका निभाकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। सम्मेलन में राजीव गांधी राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय एस. सिंह सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति और अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित