वाराणसी , अक्टूबर 27 -- आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा ने काशी क्षेत्र में संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की रणनीति बनाई है। बाबतपुर स्थित बनारस किला में मंगलवार को आयोजित क्षेत्रीय बैठक में प्रत्येक बूथ पर पांच महिला कार्यकर्ताओं की टीम गठित करने और महिला मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया गया।
बैठक की मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. मेधा कुलकर्णी ने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने और महिला सुरक्षा, सम्मान तथा सशक्तीकरण के मुद्दों पर जनसंवाद बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने महिला सुरक्षा के संदर्भ में योगी आदित्यनाथ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का उल्लेख किया।
बैठक में विधानसभा स्तर पर सोशल मीडिया पर सक्रिय ऐसी 50 महिलाओं को चिह्नित करने का निर्देश दिया गया, जिनके पांच हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं। साथ ही डॉक्टरों, वकीलों, शिक्षिकाओं, उद्यमियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों और बैंक सखियों से संपर्क बढ़ाने की रणनीति तय की गई।
प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने अनुभवी पदाधिकारियों के मार्गदर्शन और नई कार्यकर्ताओं की सक्रियता को संगठन की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण बताया। बैठक में बूथ प्रबंधन, महिला मतदाताओं से संवाद तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित