चंडीगढ़ , जून 17 -- पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नयी जनसुनवाई व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत अब प्रत्येक बुधवार को नागरिक सीधे राज्यपाल से मिलकर अपनी शिकायतें और समस्याएं रख सकेंगे।
श्री कटारिया ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच की दूरी कम करना तथा लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि हर बुधवार को जनसुनवाई को प्राथमिकता दी जाएगी और इस दिन प्रशासन तथा राजभवन के वरिष्ठ अधिकारियों की नियमित बैठकों का आयोजन नहीं होगा, ताकि पूरा ध्यान लोगों की शिकायतें सुनने और उनके समाधान पर केंद्रित किया जा सके।
जनसुनवाई में शामिल होने के इच्छुक लोगों को एक या दो दिन पहले अपनी शिकायत या आवेदन राजभवन में जमा कराना होगा। इसके बाद उन्हें निर्धारित समय के अनुसार मुलाकात का अवसर दिया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि इससे व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी और प्रत्येक व्यक्ति की बात प्रभावी ढंग से सुनी जा सकेगी।
राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव होगा, उनका निपटारा मौके पर ही किया जाएगा। जटिल मामलों में संबंधित विभागों से रिपोर्ट तलब कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
श्री कटारिया ने कहा कि नयी व्यवस्था से लोगों को यह भरोसा मिलेगा कि उनकी समस्याएं सीधे प्रशासन के सर्वोच्च स्तर तक पहुंच रही हैं। साथ ही अधिकारियों को भी जनता की वास्तविक समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने का बेहतर अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। नयी व्यवस्था के तहत प्रत्येक बुधवार को राजभवन आम लोगों की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित