भिण्ड , नवंबर 01 -- मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर रविवार को भिण्ड में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने लोगों से हर छत पर सोलर पैनल लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से बिजली का खर्च कम होगा और बैटरी युक्त सोलर प्रणाली से दिन-रात बिजली उपलब्ध हो सकेगी।

श्री शुक्ला ने कहा कि कभी बीमारू राज्य कहे जाने वाला मध्यप्रदेश अब विकास के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार निवेश बढ़ाने, छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित करने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए प्रयास कर रही है। भिण्ड को शहीदों की भूमि के साथ सौर ऊर्जा, स्वच्छता और विकास के क्षेत्र में भी आगे लाना है। उन्होंने पिछले वर्ष आयोजित उद्योग वर्ष के तहत संभागीय डिजिटल कॉन्क्लेव और इस वर्ष मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष का उल्लेख किया। उन्होंने कचरे से बिजली बनाने की परियोजना और मुरैना में बड़े सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट की जानकारी भी दी।

सांसद संध्या राय ने कहा कि मध्यप्रदेश कृषि, महिला सशक्तिकरण, युवा रोजगार, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। गेहूं के साथ दलहन और तिलहन उत्पादन में भी प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है। आधुनिक तकनीक और सिंचाई सुविधाओं से किसानों को लाभ पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी योजनाओं का उल्लेख करते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी की अपील की।

मेला ग्राउंड के पास स्थित कम्युनिटी हॉल में आयोजित समारोह की शुरुआत मंत्री श्री शुक्ला के ध्वजारोहण और मां सरस्वती के पूजन के साथ हुई। इसके बाद मध्यप्रदेश गान और विभिन्न विद्यालयों तथा एमजेएस कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में श्रीकृष्ण पाथेय योजना के तहत मेहगांव की छात्रा राधा को एक लाख रुपये का चेक और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों तथा लोकतंत्र सेनानियों और शहीदों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित