भरतपुर , अगस्त 13 -- राजस्थान में भरतपुर संभाग में हर घर तिरंगा अभियान एवं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की श्रृंखला में गुरुवार को आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों से समूचा संभाग देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि संभाग मुख्यालय भरतपुर में जिला कलेक्टर कमर चौधरी ने बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पुलिस जवानों, स्काउट-गाइड एवं विद्यार्थियों की तिरंगा मोटर साइकिल एवं साइकिल रैली को कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। अभियान के तहत संभाग के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा कैनवास एवं सेल्फी प्वाइंट पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने तिरंगा कैनवास पर हस्ताक्षर किए और सेल्फी लेकर आमजन को राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित