लखनऊ , जून 22 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने लखनऊ के पुरनिया, सेक्टर-डी स्थित कोचिंग सेंटर में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

श्री चौधरी ने कहा कि इस दर्दनाक हादसे में कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक, हृदयविदारक और पूरे समाज को झकझोर देने वाला है। इस त्रासदी ने अनेक परिवारों से उनके अपने छीन लिए हैं, जिसकी क्षति की भरपाई कभी नहीं की जा सकती।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है।

श्री चौधरी ने भाजपा के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस दुःखद समय में प्रभावित परिवारों की सहायता अपने परिवार की तरह करें। उन्होंने कहा है कि यह समय केवल संवेदना व्यक्त करने का नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों का संबल बनने का है। भाजपा कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करे कि कोई भी परिवार स्वयं को अकेला महसूस न करे।

उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें, शोक संतप्त परिवारों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति दें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भी घटना को अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक बताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में हम सभी की संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।

गौरतलब है कि सोमवार को अलीगंज के कोचिंग सेंटर में लगी आग में 15 लोगों की मौत हुई थी और 9 घायल हुए थे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी आज रात घटनास्थल और केजीएमयू जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित