वाराणसी , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आयुष विभाग प्रदेशव्यापी वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाएगा। इसके तहत प्रदेश के सभी आयुष चिकित्सालयों एवं महाविद्यालयों में 2.07 लाख से अधिक औषधीय पौधे लगाए जाएंगे।
डॉ. दयालु ने बताया कि जिन राजकीय एवं निजी आयुष महाविद्यालयों तथा 50 शैय्या वाले एकीकृत आयुष चिकित्सालयों में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, वहां 'चरक-वन' विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा सभी राजकीय आयुष चिकित्सालयों की बाउंड्रीवाल के किनारे हरित पट्टी विकसित करने के लिए वृक्षारोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेगा।
उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'स्वस्थ उत्तर प्रदेश' के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ औषधीय पौधों की उपलब्धता बढ़ेगी और आयुष, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
आयुष विभाग के अनुसार प्रदेश के 4,052 आयुष चिकित्सालयों एवं संस्थानों में वृक्षारोपण किया जाएगा। इनमें 1,05,500 पौधे आयुर्वेद चिकित्सालयों, 10,800 पौधे यूनानी चिकित्सालयों, 79,250 पौधे होम्योपैथिक चिकित्सालयों तथा 12,050 पौधे आयुष महाविद्यालयों, फार्मेसी संस्थानों एवं 50 शैय्या वाले एकीकृत आयुष चिकित्सालयों में लगाए जाएंगे।
अभियान के दौरान आंवला, अश्वगंधा, गिलोय, तुलसी, नीम, शतावरी, अर्जुन, ब्राह्मी, हरड़, जामुन, अमरूद, शीशम और अशोक सहित कुल 27 प्रकार के औषधीय पौधों का रोपण क्षेत्रीय आवश्यकता के अनुसार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित