रुद्रप्रयाग , जुलाई 16 -- उत्तराखंड का लोक पर्व हरेला रुद्रप्रयाग जिले में भव्य एवं जन भागीदारीपूर्ण वातावरण में गुरुवार को मनाया गया। इस अवसर पर "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत जिले में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किये गये, जो वर्षाकाल तक निरंतर संचालित किये जाएंगे।

मुख्य कार्यक्रम जवाड़ी (रतनपुर कक्ष संख्या-11) में आयोजित किया गया, जहां इस जनआंदोलन का हिस्सा बनकर प्रकृति संरक्षण में सक्रिय योगदान देने के लिए कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी की उपस्थिति में पौधारोपण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके अलावा जिले के समस्त शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, जन प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम जनमानस की सहभागिता से वृक्षारोपण कार्यक्रम किए गए। समस्त वृक्षारोपण गतिविधियों का अभिलेखीकरण जियो टैग्ड फोटोग्राफ एवं डिजिटल रिपोर्टिंग प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है।

इस दौरान फलदार एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। साथ ही संबंधित विभागों को रोपित पौधों के संरक्षण एवं रखरखाव की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों, स्कूली छात्र-छात्राओं, अधिकारी-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित रुद्रप्रयाग एवं उत्तराखंड के निर्माण का संदेश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित