पौड़ी , जुलाई 14 -- उत्तराखंड में हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर विकासखंड स्थित मालाग्राम में सघन पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
श्री धामी ने इस अवसर पर 'श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय' का भ्रमण कर वहां संरक्षित दुर्लभ औषधीय पौधों, अनुसंधान गतिविधियों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने परिसर में स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण, संवर्धन और वैज्ञानिक अनुसंधान न केवल पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक है, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ आयुर्वेद आधारित अनुसंधान और हर्बल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि औषधीय पौधों के संरक्षण और शोध से स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही उत्तराखंड को आयुर्वेद और हर्बल पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने मालाग्राम स्थित 'श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय' को देश का अपनी तरह का अनूठा हर्बल पार्क बताया। यहां देश के विभिन्न राज्यों तथा हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों एवं औषधीय पौधों का वैज्ञानिक पद्धति से संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक चिकित्सा पद्धति और आधुनिक वैज्ञानिक शोध के समन्वय का महत्वपूर्ण संस्थान बनकर उभर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित