नयी दिल्ली , अक्टूबर 03 -- राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल अंतर-संसदीय संघ (आईपीयू) की 153वीं सभा और उससे संबंधित बैठकों में भाग लेने के लिए तंजानिया रवाना हो गया है। यह सम्मेलन 5 से 9 अक्टूबर तक तंजानिया के अरूशा शहर में आयोजित किया जा रहा है।

राज्य सभा सचिवालय की शनिवार को जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस बार के आईपीयू सम्मेलन का विषय है- "सभी के लिए समावेशिता, विश्वास और अवसरों के माध्यम से सुशासन को बढ़ाना और समुदायों को सशक्त बनाना"। सम्मेलन में सदस्य देशों की विधायिकाओं के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

लोक सभा और राज्य सभा के मिले जुले प्रतिनिधित्व वाले भारतीय प्रतिनिधिमंडल में श्री हरिवंश के साथ सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, अपराजिता सारंगी, डॉ. सस्मित पात्रा , डॉ. संजय जायसवाल, कमलजीत सहरावत, डॉ. लता वानखेड़े, बिजुली कलिता मेधी और एन. के. प्रेमचंद्रन शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल समकालीन वैश्विक प्रासंगिकता के मुद्दों पर बैठकों, पैनल चर्चाओं और कार्यशालाओं की एक विस्तृत श्रृंखला में भाग लेगा और इन मामलों पर भारत के दृष्टिकोण को स्पष्ट करेगा।

श्री हरिवंश आईपीयू की संचालन परिषद, सामान्य चर्चा, आपातकालीन विषय पर होने वाली चर्चा और आईपीयू के अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के साथ आयोजित संवाद सत्र में भाग लेंगे।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य अरूशा सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में लोकतंत्र और मानवाधिकारों, शांति और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा, सतत विकास, महिलाओं की भागीदारी, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, आतंकवाद का मुकाबला, स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, महत्वपूर्ण खनिज, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और काम के भविष्य, समुद्री सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और पर्वत और महासागर पारिस्थितिक तंत्र के संरक्षण सहित अन्य विषयों पर चर्चा में भाग लेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित