जयपुर , जुलाई 08 -- राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने हरियालो राजस्थान अभियान के तहत वृहद स्तर पर किये जा रहे पौधारोपण कार्यों को मिशन मोड में समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिये हैं।

श्री श्रीनिवास बुधवार को यहां आयोजित कमेटी ऑफ सेक्रेट्रीज की बैठक में केंद्र प्रायोजित योजनाओं, मदर सैंक्शन के तहत व्यय प्रगति, हरियालो राजस्थान अभियान तथा शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अभियान में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया सहित विभिन्न प्रचार-प्रसार माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए। साथ ही संबंधित विभागों के नोडल अधिकारी अभियान के अंतर्गत किये जा रहे कार्यों का नियमित निरीक्षण एवं सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।

बैठक में बताया कि राज्य सरकार ने इस वर्ष वर्षा ऋतु में 10 करोड़ से अधिक पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है। लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पौधों का वितरण एवं पौधारोपण कार्य मिशन मोड में संचालित किये जा रहे हैं। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जयपुर, बालोतरा, बाड़मेर, झालावाड़ एवं कोटा जिले अभियान के तहत पौधारोपण में अग्रणी हैं।

श्री श्रीनिवास ने शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर -2026 की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि शिविरों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाये। उन्होंने कहा कि शिविरों में आने वाले नागरिकों के कार्यों का अधिकतम निस्तारण मौके पर ही सुनिश्चित किया जाये, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके। बैठक में बताया गया कि शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत अब तक 28 हजार से अधिक पट्टे वितरित किये जा चुके हैं, वहीं ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत सात हजार 314 शिविरों का आयोजन कर 38 लाख से अधिक नागरिकों को लाभान्वित किया गया है। साथ ही 12 हजार 800 से अधिक रास्तों को खुलवाया जा चुका है।

मुख्य सचिव ने मदर सैंक्शन के तहत प्राप्त राशि एवं व्यय की विभागवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि स्वीकृत राशि का निर्धारित समयावधि में पूर्ण एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाये, ताकि प्रदेश के विकास कार्यों में तेजी आये और योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से आमजन तक पहुंचे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित