बारां , जुलाई 09 -- राजस्थान में हरियालो राजस्थान वृक्षारोपण अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण एवं हरितकरण को बढ़ावा देने के लिए 11 जुलाई को सम्पूर्ण जिले में एक साथ वृक्ष कुंज अभियान के तहत खोदे गए गड्डों में पौधारोपण किया जायेगा।

जिला कलेक्टर असावा ने गुरुवार को बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। अभियान के सुचारू संचालन, सफल क्रियान्वयन एवं समन्वय के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक को सर्वोच्च प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए रोपे गए सभी पौधों की सुरक्षा के लिये ट्री-गार्ड और आवश्यक तारबंदी की पक्की व्यवस्था की जाये। साथ ही पौधों के लिए नियमित रूप से पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये, ताकि पौधारोपण के बाद उनकी समुचित देखभाल हो सके।

श्री असावा ने कहा कि हरियालो राजस्थान अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण देने का संकल्प है। उन्होंने आमजन से भी आग्रह किया कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर शामिल हों और जिले को हरियाली से आच्छादित बनाने में सहयोग करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित