ग्वालियर , अगस्त 12 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में हरियाली अमावस्या के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और शहर को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा विशाल पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आगरा-झांसी बायपास स्थित रमौआ बांध के समीप बन रहे नवीन ई-बस स्टैंड एवं होटल मैरियट के पास आयोजित कार्यक्रम में एक ही दिन में करीब पांच हजार पौधे रोपे गए।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, आम नागरिकों, समाजसेवी संस्थाओं और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पौधरोपण कार्यक्रम 'एक पेड़ मां के नाम' और 'हर घर तिरंगा अभियान' के तहत आयोजित किया गया।

'हर घर तिरंगा अभियान' के तहत जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, विद्यार्थियों और अधिकारियों ने विशाल मानव श्रृंखला बनाकर घर-घर तिरंगा फहराने का संदेश दिया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने पर्यावरण और देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।

नगर निगम सभापति मनोज तोमर एवं पार्षदगण, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक एवं शैक्षणिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा शहर के गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।

नगर निगम सभापति मनोज तोमर ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। ग्वालियर को स्वच्छ और हरित बनाने की दिशा में पांच हजार पौधों का रोपण महत्वपूर्ण कदम है।

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा कि हरियाली अमावस्या का पर्व प्रकृति से जुड़ने का अवसर है। आमजन, युवाओं और बच्चों ने जिस उत्साह के साथ पौधरोपण अभियान में सहभागिता की, वह प्रशंसनीय है। आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध हवा और बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराने के लिए ऐसे वृहद पौधरोपण अभियान आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस क्षेत्र को सुंदर ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने कहा कि लक्ष्य केवल पौधरोपण की संख्या हासिल करना नहीं, बल्कि पौधों के जीवित रहने की दर को 100 प्रतिशत तक ले जाना है। इसके लिए रमौआ बांध के पास समर्पित कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है, जो नियमित रूप से पौधों की खाद, पानी और सुरक्षा का ध्यान रखेंगे।

प्रकृति का संतुलन बनाए रखने और स्थानीय जैव विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अभियान के तहत नीम, शहतूत, आम, जामुन, अमरूद, कटहल, बरगद और पीपल सहित विभिन्न छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित